गोंडा। नवाबगंज के महंगूपुर में सरकारी जमीन पर कब्जा कराने और लोगों को परेशान किए जाने के मामले में आयुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं। संदीप पांडेय ने आयुक्त से गांव के प्रधान संतोष पांडेय उर्फ कक्के की शिकायत की है।
संदीप ने आरोप लगाया है कि मिट्टी और बालू खनन का मामला सामने आने पर एक व्यक्ति के नाम बतौर जुर्माना तहसील में जमा कराया है। इसके बाद भी खनन हो रहा है। इसके अलावा सरकारी नवीन परती की जमीन पर कब्जा कर प्रधान ने भाई का घर बनाने का आरोप लगाया है। बताया कि तहसील में शिकायत करने पर उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करा दी गई। नवाबगंज थाने के एक उपनिरीक्षक पर धमकी देने की शिकायत की है।
इसके अलावा गन्ना पर्ची में हेराफेरी के शिकायत पर लगातार धमकी मिलने की बात बताई। आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के लिए डीआईजी को शिकायती पत्र भेजा है। इसके अलावा जिलाधिकारी गोंडा को भी अपने स्तर से जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयुक्त के निर्देश के बाद पीड़ित को न्याय की उम्मीद जगी है।