गोंडा। जिला प्रशासन की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को जिले की सीएचसी हलधरमऊ में चार कोरोना संक्रमित के साथ ही कुल 37 लोग पॉजिटिव पाये गये हैं। वहीं शहर के एक निजी अस्पताल में तैनात कर्मचारी की कोरोना से मौत हो गई। अब तक कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 27 हो गई है। मंगलवार के आंकड़े को मिलाकर अब जिलेभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2600 के पार पहुंच गई है।
बता दें कि मंगलवार की रिपोर्ट में सीएचसी हलधरमऊ में चार लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। शहर में आईटीआई के पास एक निजी अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी जो कि पूर्व में कुछ बीमारी से ग्रसित थे। कुछ दिन पहले उन्हें कोरोना संक्रमण हो गया था। शहर के लेवल-2 अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई। मंगलवार को कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत उनका दाह संस्कार कराया गया।
दो दिन बाद आज खुलेगी सीएचसी
मसकनवा (गोंडा)। सीएचसी छपिया में एक लैब असिस्टेंट की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने से यहां संक्रमित स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या तीन हो गई है। अधीक्षक डॉ. आलोक सिंह ने बताया की मंगलवार को स्वास्थ्य केंद्र को सैनिटाइज कराया गया है। दो दिन बंद रहने के बाद अब बुधवार से स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।