गोंडा। अब निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को कार्यक्षमता की मेेरिट पर थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी की कुर्सी मिलेगी। इसके लिए एसपी ने प्लान तैयार किया है। एसपी हरमाह निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों की कार्यक्षमता का आंकलन करेंगे। इसके बाद मेरिट के आधार पर थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी के पदों पर उनकी ताजपोशी करेंगे।
जनपद के पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं समेत पुलिस लाइन व थानों में 35 निरीक्षकों की तैनाती है, जबकि 236 उपनिरीक्षक नियुक्त है। इनमें से 14 थानों में निरीक्षकों को थानों की कमान मिली है।
इनमें कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, कोतवाली मनकापुर, कोतवाली करनैलगंज, थाना परसपुर, थाना नवाबगंज, थाना तरबगंज, थाना वजीरगंज, थाना खोड़ारे, थाना मोतीगंज, थाना इटियाथोक, थाना खरगूपुर, थाना कटरा बाजार व महिला थाने में निरीक्षकों को थानाध्यक्ष पद पर तैनात किया गया है। लेकिन चार थानों कौड़िया, उमरीबेगमगंज, धानेपुर व छपिया में उप निरीक्षक थानाध्यक्ष पद पर नियुक्त हैं।
इसके अलावा जनपद की 42 चौकी पर उपनिरीक्षकों को चौकी प्रभारियों के पद तैनाती दी गई है। अब पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं समेत पुलिस लाइन व थाना पर तैनात निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों को हरमाह पुलिस अधीक्षक के टेस्ट में पास होना होगा।
तभी उनकी मेरिट के अधार पर थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी पद पर तैनाती की जाएगी। इसके लिए उनकी कार्यक्षमता की गुणवत्ता परखी जाएगी। सभी का आउटडोर व इनडोर देखा जाएगा।
जिसमें आउटडोर में कानून व्यवस्था ड्यूटी, अपराध नियंत्रण, अपराधियों धरपकड़ व उनके खिलाफ कार्रवाई के साब ही इनडोर में लंबित मुकदमों की विवेचनाओं का निस्तारण, प्रार्थना पत्रों की जांच, मुकदमों से जुड़े अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अदालत के वारंट पर गिरफ्तारी व तामीला समेत अन्य कार्य शामिल होंगे।