गोंडा। अयोध्या रोड के खोरहंसा मेंएजाज हुसैन मेमोरियल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर नौ संदिग्धों ने पकड़े जाने के डर से बृहस्पतिवार को परीक्षा छोड़ दी। गणित परीक्षा में दो सॉल्वरों के पकड़े जाने के बाद केंद्र प्रशासन के राडार पर आ गया है। बृहस्पतिवार को हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा शुरू होने से पहले खुद डीआईओएस ने केंद्र की जिम्मेदारी संभाल ली। सॉल्वरों के पकड़े जाने के बाद नौ संदिग्धों को चिह्नित किया है। संबंधित कॉलेज के खिलाफ ठोस कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि एजाज हुसैन इंटर कॉलेज में कोइली जंगल के बाबा राम स्वरूप एसएसएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अभ्यर्थी की जगह गणित की परीक्षा देने पहुंचे दो सॉल्वरों को दबोचा गया था। इसके बाद बोर्ड स्तर से एजाज हुसैन मेमोरियल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सक्रियता बढ़ा दी। बृहस्पतिवार को हाईस्कूल में विज्ञान और इंटरमीडिएट की गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा कराई गई।
डीआईओएस ने सुबह आठ बजे ही एजाज हुसैन मेमोरियल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर डेरा जमा दिया। संदिग्धों की छानबीन शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि गणित विषय के पेपर के बाद नौ अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। विज्ञान विषय की परीक्षा देने नहीं पहुंचे। वहीं, कंट्रोल रूम प्रभारी सुनीता श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। समस्याओं का समुचित समाधान कराया गया है।
केंद्र पर विशेष नजर रखी गई
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के अनुसार एजाज हुसैन मेमोरियल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर विशेष नजर रखी गई है। गणित के बाद कुल नौ संदिग्धों ने बोर्ड परीक्षा छोड़ी है। संबंधित विद्यालय से जरूरी दस्तावेज मंगाए गए हैं। मिलान कराया जा रहा है। जल्द ही बोर्ड को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।