फोटो-9-गोंडा में बस स्टेशन स्थित मां भगवती मंदिर में भजन गातीं महिलाएं। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। देवी आराधना के महापर्व चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शनिवार को मां के द्वार पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जिले का पौराणिक खैरा भवानी मंदिर पूरे दिन मां के जयकारे और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। यहां लगभग दस हजार से अधिक देवी भक्तों ने हाजिरी लगाई। इस दौरान भक्तों ने नारियल चुनरी के साथ प्रसाद चढ़ाकर माता के चरणों में अरदास लगाई। वहीं कई स्थानों पर रात्रि जागरण में लोग मां के भजनों की धुन पर झूमते रहे।
अष्टमी पर श्रद्धा और आस्था से सरोबार साधकों ने शनिवार को व्रत रखकर हवन पूजन के बाद कन्या पूजन कर उन्हें भोज कराया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिन भर जुटी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां महागौरी की पूजा करने के लिए नंगे पैर चलकर से मंदिर पहुंची। श्रद्धालुओं ने व्रत और संकल्प लेकर मां के दरबार में मन्नत मांगी। मंदिरों के बाहर फूल माला, फल और नारियल आदि बेचने वालों की दुकान सजी रही। सुबह पूजा अर्चना के बाद शाम को कपूर और फूल बत्ती की आरती उतारी गई। महिलाओं ने अखंड सौभाग्य के लिए देवी मां को चुनरी अर्पित की। विशेषतौर पर कन्या पूजन कर उन्हें हलवा, पूड़ी, जलेबी, खीर खिलाने के साथ खिलौने व गिफ्ट देकर उनके पैर छूए और सुख-शांति का आशीर्वाद लिया। चैत्र नवरात्र की महाष्टमी पर जिले का चप्पा-चप्पा देवी आराधना में लीन नजर आया। भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चला।
अखंड पाठ के साथ श्रीराम जन्मोत्सव का शुभारंभ
रानी बाजार स्थित रामजानकी मारवाड़ी धर्मशाला में चैत्र राम नवमी के अवसर पर आयोजित श्रीराम जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को अखंड रामायण पाठ के साथ किया गया। रामायण पाठ के समापन के बाद रविवार को भजन कीर्तन के साथ जन्मोत्सव का कार्यक्रम मनाया जाएगा। इसमें छप्पन भोग प्रसाद वितरण किए जाने के साथ मसहूर भजन गायकों की ओर से कार्यक्रम पेश किया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल मित्तल, मंत्री संजय अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक गोपालकृष्ण अग्रवाल व अनिल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।