गोंडा। गोंडा-बलरामपुर स्थानीय प्राधिकारी (एमएलसी) निर्वाचन-2022 में दोनों जिलों के 98.28 फीसदी मतदाताओं ने शनिवार को मतदान किया। दोनों जनपदों के कुल 4,908 मतदाताओं के सापेक्ष 4,824 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें जनपद गोंडा में 2,995 मतदाताओं के सापेक्ष 2,977 तथा बलरामपुर में 1,913 के सापेक्ष 1,847 मतदाताओं ने वोट डाला। गोंडा में कुल पड़े मतों का प्रतिशत 99.39 तथा बलरामपुर में 96.54 प्रतिशत रहा। दोनों जिलों के 84 मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचे।
गोंडा व बलरामपुर के 26 मतदान केंद्रों पर शनिवार को एमएलसी चुनाव के लिए मतदान हुआ। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार तथा एसपी संतोष कुमार मिश्र ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने मतदान केंद्र बनाए गए जिला पंचायत हॉल, झंझरी ब्लॉक, वजीरगंज ब्लॉक, नवाबगंज ब्लॉक, तरबगंज ब्लॉक तथा बेलसर ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त प्रेक्षक शकुंतला गौतम ने गोंडा व बलरामपुर के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
सीडीओ शशांक त्रिपाठी, एडीएम सुरेश कुमार सोनी, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता सहित सभी एसडीएम, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भ्रमणशील रहकर मतदान कार्य को सकुशल, निर्विघ्न व निष्पक्षता से सम्पन्न कराया। स्वतंत्र व निष्पक्ष निर्वाचन कराने के लिए गोंडा के 17 मतदान केंद्रों को पांच जोन तथा 17 सेक्टर में बांटा गया था। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। जबकि जनपद बलरामपुर में एमएलसी निर्वाचन के लिए एडीएम बलरामपुर को बतौर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
दिग्गजों ने जिला पंचायत में किया मतदान
एमएलसी चुनाव में दिग्गजों ने जिला पंचायत हॉल में बने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। सुबह कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, विधायक अजय सिंह, प्रतीक सिंह आदि ने मतदान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह ने भी वोट डाला। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्यों, सभासदों, ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भी मतदान किया।