गोंडा। रानी बाजार स्थित श्रीराम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में सावन मेला का आयोजन किया गया। मंदिर प्रांगण को हरी पत्तियों और हरे कपड़ों से सजाया गया। इस दौरान कपड़े, भगवान की पोशाक, चाट और खान-पान के स्टाल लगाए गए। स्टाल की देखरेख की जिम्मेदारी सविता गोयल ने संभाली। सभी महिलाओं ने लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा और कपडे़ की खरीदारी की।
गणेश वंदना से कार्यक्रम शुरू हुआ। समाज की महिलाएं अधिकतर हरे रंग की साड़ियां पहन रखी थीं। सभी महिलाओं को हरे रंग की चूड़ियां पहनायी गईं। उसके बाद महिलाओं ने राजस्थानी गीतों पर डांस किया। कई तरह के राजस्थानी गेम भी हुए।
उसके बाद तीज पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम हुए जिसमें सही जवाब देने वाली महिलाओं को मंच द्वारा गिफ्ट दिये गए। महिला मंच की निर्णायकों ने मोनिका शर्मा को तीज क्वीन चुना।
महिलाओं ने सेल्फी प्वाइंट पर एक-दूसरे के साथ सेल्फी ली। बच्चे और महिलाएं सावन झूला झूलते नजर आए। तीज क्वीन चुने जाने पर मोनिका शर्मा ने महिला मंडल को धन्यवाद दिया। मोनिका शर्मा के चुने जाने पर पूजा तिवारी, वर्षा ओझा व पल्लवी श्रीवास्तव ने खुशी जताई। कार्यक्रम का आयोजन मारवाड़ी युवा मंच देवीपाटन महिला मंडल द्वारा किया गया।
इस दौरान मंच की अध्यक्ष नीलम जैन, मंत्री भावना सोमानी, कार्यक्रम आयोजक गायत्री माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष नीतू गर्ग, सविता गोयल, किरन बंसल, रीता काबरा, प्रेम लता सिंघल, शिल्पी गर्ग, शालिनी अग्रवाल, पुष्पा सिंघल, सरिता अग्रवाल, सोनम सिंघल व कामना अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।