गोंडा। बदलते मौसम के कारण बीमारियां तेजी से बढ़ रही है। गोंडा मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रही है। वहीं अस्पताल में जरूरी दवाओं का टोटा बना हुआ है। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल काॅलेज के विभिन्न वार्डों के लिए मेट्रोजिल-100 एमएल बोतल की जरूरत होती है। लेकिन करीब 20 दिन से मेट्रोजिल का टोटा बना हुआ है। जबकि पेट दर्द व अन्य दर्द में त्वरित राहत मिलने के लिए मेट्रोजिल बहुत उपयोगी साबित होता है। इसी प्रकार मरीजों के लिए जरूरी कैल्शियम की टैबलेट व पेट के लिए उपयोगी लैक्टोजल सीरप कई दिनों से खत्म है। जिससे इन दवाओं को मरीजों को बाहर से खरीदना पड़ रहा है। शनिवार को कई मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ी। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि मेट्रोजिल समेत जिन भी दवाओं की कमी है, उसकी सूची क्रय समिति को भेजी गई है। मेट्रोजिल की आपूर्ति कारपोरेशन से भी नहीं हो रही है। क्रय समिति की सहमति से लोकल खरीद की जाएगी।