गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने आयुक्त कार्यालय सभागार में गुरुवार को सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। आयुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि अधिकारियों के स्तर पर प्रगति विवरण की फीडिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए ताकि मंडल की स्थिति ए श्रेणी में रहे।
उन्होंने कहा कि इससे संबंधित फीडिंग 20 नवंबर तक हरहाल में पूरी कर ली जाए। मंडल के किसी भी जनपद में यह कार्य लंबित न रहने पाये। आयुक्त ने फसल अवशेष जलाने के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान कहा कि पराली प्रबंधन का कार्य पहले से सुनिश्चित हो ताकि लोगों में जागरूकता हो सके। बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है। जनपद बहराइच में विपुल इंडस्ट्रीज द्वारा पराली की खरीद की जा रही है, जिससे किसान भाई अपनी पराली विक्रय कर उसका मूल्य प्राप्त कर रहे हैं।
इंडस्ट्रीज द्वारा एनटीपीसी से हुए अनुबंध के तहत पराली का उपयोग विद्युत उत्पादन में किया जा रहा है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि किसानों द्वारा पराली विक्रय से संबंधित विवरण उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए। आयुक्त ने उर्वरक एवं कीटनाशक की कालाबाजारी न होने पाए, इसके लिए निर्देश दिए कि ऐसे विक्रेताओं के दुकानों पर छापा मार कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए तथा बिना खेती वाले व्यक्तियों द्वारा उर्वरक व कीटनाशक क्रय किए जाने का विशेष संज्ञान लिया जाय।
उन्होंने निराश्रित गोवंश संरक्षित करने की समीक्षा के दौरान कहा कि ईयर टैगिंग में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। आयुक्त ने सिंचाई, समाज कल्याण, महिला कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, माध्यमिक शिक्षा तथा बेसिक शिक्षा आदि विभागों की कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत अवस्थापना सुविधाओं के संतृप्ति करण की समीक्षा के दौरान जनपद गोंडा में और अधिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में अभियान चलाकर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त राजेंद्र प्रसाद, संयुक्त निदेशक कृषि एलबी यादव, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. बलवंत सिंह, सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा विनय मोहन वन सहित अन्य संबंधित विभागों के मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।