गोंडा। सदर विधानसभा के विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने चार सालों में विकास के ढेरों काम करने का दावा किया है। उनका कहना कि शहर में सुनियोजित विकास की पहल की। तीन सौ करोड़ से अधिक के बजट से मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति कराई। जिला अस्पताल में 300 कोविड़-19 अस्पताल की स्थापना से मरीजों के इलाज की सुविधा मिली। इसके साथ ही दो रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की स्वीकृति कराई।
सदर विधायक ने का कहना है कि मिश्रौलिया रेलवे क्रॉसिंग पर 112 करोड़ से ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ है। इसके साथ ही सोनी गुमटी पर एक और ओवरब्रिज स्वीकृति करा दी गई है जल्द ही बजट जारी होगा।
शहर में यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बालपुर से एक बाईपास स्वीकृत कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। 172 करोड़ से 18 किमी लंबा बाईपास बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। शहर में विश्वविद्यालय की स्थापना की मंजूरी कराई गई है, इससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
शहर में फोरलेन के बीच में लाइटिंग कराकर उजाले का प्रबंध किया। सड़क, नाली के निर्माण पर 240 करोड़ का बजट खर्च कर बेहतर व्यवस्था किया गया है।
शहरीकरण के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है जिसमें 27 गावों को शहर का दर्जा दिलाने की पहल की जा रही है। 1857 में स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों के स्मारक का एक क्रांति उपवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। क्षेत्र की 150 किमी सड़कों के मरम्मत के लिए 11 करोड़ का बजट जारी हुआ है।
सदर विधानसभा के लोगों से विधायक दूर हैं किसी से मिलते तक नहीं हैं। मंहगाई चरम पर है लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। गरीबों के साथ ही सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा हो रहा है।
थानों में भाजपा के नेता ही अभद्रता कर रहे हैं। विकास तो कहीं दिख नही रहा है, ठेके के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। जो भी विकास कार्य हुए सब सपा सरकार के हैं, नाम बदलकर अपना बता रहे हैं। सरकारी बजट में भी बड़े स्तर पर हेराफेरी हुई है।