तुलसीपुर (बलरामपुर)। खसरे का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को नगर के नई बस्ती, भवनियापुर, जुगलीपुर व पुरानी बाजार वार्ड में 15 बच्चे खसरे से पीड़ित मिले। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जानकारी न होने की बात कह रहे हैं।
स्थानीय नागरिक मूसे, आफत अली, सुरेश, कल्लू, बनिया, सुधीर कुमार, ममता, कालिया, संतोष सोनी, महेश कुमार, मुन्नू तिवारी व जीतेंद्र ने बताया कि घर में बच्चों को बुखार हो रहा है। उनके चेहरे पर छोटे-छोटे दाने निकले हैं। दवा खिलाने के बाद भी बुखार नहीं उतर रहा है। सीएचसी अधीक्षक सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि नगर में खसरा फैलने की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि चौहत्तर कला गांव में बीमार मिले पांच बच्चों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसमें से तीन बच्चों में खसरा होने की पुष्टि हुई है। रविवार को वहां कैंप लगाकर नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
एसीएमओ ने लिया अभियान की तैयारियों का जायजा
एसीएमओ डॉ. एके शुक्ल ने शुक्रवार को सीएचसी तुलसीपुर में बैठक कर आउटब्रेक रिस्पांस इम्यूनाइजेशन अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। बताया कि क्षेत्र के चौहत्तरकला गांव में पीड़ित बच्चों के अलावा अन्य बच्चों को खसरे से बचाने के लिए रविवार को अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मी नौ माह से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर (मिजिल्स रूबेला) का टीका लगाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य कर्मी लोगों को खसरा फैलने के कारण, लक्षण व बचाव से जुड़ी जानकारियां भी देंगे। मरीजों को आवश्यक दवा भी वितरित की जाएगी। डॉ सौम्या नायक, वैक्सीन कोल्डचेन प्रबंधक श्याम मिश्र, हरीश द्विवेदी व राजेश कनौजिया समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।