गोंडा। अ्रशोकपुर कोटिया मंदारा गांव में दहेज में बाइक नहीं मिली तो ससुराल वालों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विवाहिता के पिता ने थाना कौड़िया में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कौड़िया थाना क्षेत्र मरुडीह बिछुड़ी गांव के रहने वाले रामप्रसाद ने थाना कौड़िया में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी पिंकी उर्फ पिंका 19 की शादी जून 2019 को इसी थाना क्षेत्र के अशोकपुर कोटिया मंदारा गांव निवासी अरुण कुमार के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुुराल वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे।
बाइक की मांग पूरी न होने पर शुक्रवार को ससुराल वालों ने पिंक की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में रामप्रसाद ने थाना कौड़िया में पति अरुण कुमार, ससुर व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना कौड़िया के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।