गोंडा। तरबगंज के लौव्वा टेपरा में बन रहे देवीपाटन मंडल के पहले सामान्य सुविधा केंद्र में अक्तूबर तक मशीनें लग जाएंगी। इसी साल के आखिरी तक केंद्र संचालित करने की तैयारी है। इससे जहां जिले के एक जनपद एक उत्पाद में मक्का प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, काॅर्न फ्लैक्स, पाॅपकाॅर्न और काॅर्नचिप्स जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इससे जिले के उद्यमियों व किसानों को फायदा होगा।
विज्ञापन
जिला उद्योग उपायुक्त बाबू राम ने बताया कि जिले में 7.37 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना की स्वीकृति मिल चुकी है। केंद्र स्थापित करने के लिए कार्यशाला का निर्माण किया जा चुका है। लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बिजली कनेक्शन के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मशीनें खरीदने के लिए जरूरी तैयारी पूरी की जा चुकी है। अक्तूबर में मशीन आपूर्ति हो जाएगी। इससे जहां जिले के मक्का उत्पादों की ब्रांडिंग की जा सकेगी। वहीं, किसानों को अपनी फसलों की अच्छी कीमत भी मिलेगी। उद्योग उपायुक्त ने बताया कि इसी साल के आखिरी तक देवीपाटन मंडल के पहले सामान्य सुविधा केंद्र का संचालन किया जाएगा। (संवाद)