ललिया। वनकटवा रेंज क्षेत्र के लैबुड़वा गांव में सोमवार को फिर किसान सीताराम के गन्ने के खेत में तेंदुआ देखा गया। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। सोमवार सुबह खेतों में पानी लगाने व खाद डालने गए किसानों ने तेंदुए को किसी जानवर का पीछा करते देखा। कई किसान दहशत से खेत छोड़ कर गांव की तरफ चले गए।
राजकुमार, बड़का, संतोष वर्मा, सोनू आदि ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को भी तेंदुआ क्षेत्र में देखा गया था। उसे पकड़ा नहीं जा सका था। इससे लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। आसपास के गांवों में भी लोग बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेज रहे हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वनकटवा रेंजर सत्रोहन लाल ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं।