सदर तहसील के डड़वा कानूनगो गांव में तैनात लेखपाल को सरकारी जमीन पर अपने चहेतों को अवैध रुप से कब्जा कराना भारी पड़ गया है। तहसीलदार की रिपोर्ट पर उपजिलाधिकारी सदर ने शनिवार को डड़वा कानूनगो के लेखपाल को निलंबित कर दिया है। निलंबित लेखपाल को एसडीएम कार्यालय से संबद्ध कर प्रकरण की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है।
सदर तहसील क्षेत्र के डड़वा कानूनगो गांव में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रुप से कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत मिलने पर जब मामले की जांच कराई गई तो पता चला कि जमीन पर कब्जा करने वाले गांव के लेखपाल के चहेते हैं और लेखपाल के इशारे पर ही जमीन पर कब्जा किया गया है।
इस पर तहसीलदार ने लेखपाल को मौके पर जाकर कब्जा हटवाने के निर्देश दिए लेकिन कब्जा हटवाना तो दूर लेखपाल मौके तक भी नही गए। इसे निर्देशों की अवहेलना मानते हुए तहसीलदार सदर ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम सदर को प्रस्ताव भेजा था।
तहसीलदार की रिपोर्ट पर उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह ने शनिवार को लेखपाल संतोष कुमार श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। निलंबन के दौरान लेखपाल को एसडीएम कार्यालय से संबद्ध किया गया है। एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकरण की जांच तहसीलदार सदर रामनरायन वर्मा को सौंप गई है।