फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: जलाभिषेक के लिए उमड़े लाखों कांवड़िये

Thu, 05 Sep 2024 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। हरितालिका तीज पर बोल बम के जयकारों की गूंज रही। करनैलगंज में सरयू के घाट पर बृहस्पतिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जलाभिषेक के लिए नदी से पवित्र जल लेकर कांवड़िए बोल बम व हर-हर महादेव के जयकारों के साथ पैदल ही गोंडा शहर के दुखहरणनाथ मंदिर व खरगपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर के लिए चल पड़े। बुधवार देर रात से ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कांवड़ियों का आना शुरू हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह घाट व आसपास लाखों कांवड़ियों की भीड़ सरयू में स्नान करके पवित्र जल भरने को आतुर दिखी।
विज्ञापन

प्रशासन ने इस बार 15 लाख से अधिक कांवड़ियों के आने का अनुमान लगाया है। बोल बम का नारा है, भोलेनाथ का सहारा है... जैसे नारे लगाते हुए कांवड़िए सरयू से जल लेकर शिव मंदिरों की ओर रवाना हो रहे हैं। डीजे पर बज रहे बम-बम बोल रहा है काशी.... हर-हर शंभू जैसे भक्ति गीतों पर कांवड़िए थिरक रहे थे। कांवड़ियों के स्वागत के लिए करनैलगंज से गोंडा तक कटरा बाजार मार्ग पर खरगूपुर बाजार तक जगह-जगह पंडाल सजे रहे। शहर में भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों के स्वागत के लिए लोग पलक पांवड़े बिछाए रहे। कांवड़ियों के पहुंचने पर उनके पैरों पर पानी के छींटे मारकर थकान दूर करने की कोशिश के साथ ही फल व हलुआ आदि खिला रहे थे। इसी तरह जिले के दोनों प्रमुख शिव मंदिरों के रास्ते पर पड़ने वाले कस्बों और गांवों के लोग सड़क के किनारे कांवड़ियों की सेवा में लगे रहे। इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी कांवड़ यात्रा में शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या में सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, उन्नाव, बाराबंकी, लखनऊ, रायबरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती के शामिल हैं।
कांवड़िए सरयू में स्नान व पूजन करके जल लेकर बाराबंकी के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर, गोंडा के दुखहरणनाथ महादेव मंदिर, खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर, करनैलगंज के बरखंडी नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को सायं जलाभिषेक के सम्पन्न होने पर मंदिरों में भोलेनाथ का भव्य शृंगार किया जाएगा।
विज्ञापन

भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हरितालिका तीज मनाई जाती है। शुक्रवार को हरितालिका तीज पर सुहागिनें व्रत रखेंगी। पंडित अतुल शास्त्री बताते हैं कि हरितालिका तीज पर पूजा स्थल को फल-फूलों से सजाकर चौकी लगाई जाती है। उस पर शिव-पार्वती और गणेश की प्रतिमा स्थापित कर दीपक जलाकर पूजन किया जाता है। पौराणिक मान्यता है कि भगवती पार्वती ने शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए श्रावण शुक्ल तीज को तप शुरू किया था। इसलिए उस पावन तिथि को हरियाली तीज कहा गया। इसी क्रम में भाद्रपद की शुक्ल पक्ष की तीज को ही शिव से पति वरण का वरदान मिला था इसीलिए इस पावन दिवस को हरितालिका तीज के नाम से जाना जाता है। सुहागिन महिलाएं, इस दिन सुखद दाम्पत्य जीवन व सुखद परिवार की कामना से व्रत रखकर सुहाग की वस्तुओं का दान करती हैं।
कांवड़ यात्रा के चलते बृहस्पतिवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव सुबह से ही दिखे। अंबेडकर चौराहे से ही बाइक तक का प्रवेश बंद रहा। यहां से डाकघर से आईटीआई मार्ग पर वाहनों को भेजा गया। दूसरी तरफ कचहरी स्टेशन से मिश्रौलिया चाैराहे की तरफ वाहनों को मोड़ दिया गया। इसी तरह बड़गांव से भी अयोध्या मार्ग व गल्ला मंडी की तरफ वाहनों को डायवर्ट किया गया। पूरे शहर में मंदिर मार्ग से जुड़ने वाली सभी गालियों को बंद कर दिया गया। इससे पूरे दिन स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, सरयू घाट से लेकर मंदिरों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। करनैलगंज के साथ ही गोंडा शहर में तमाम स्थानों पर बैरियर लगाए गए। मंदिरों के आसपास बैरिकेडिंग के साथ जलाभिषेक की विशेष व्यवस्था की गई। पुलिसकर्मियों के साथ ही महिला आरक्षी व बड़ी संख्या में सादे कपड़ों में भी जवान मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने घाट पर मोटर बोट से नदी में पेट्रोलिंग की। घाट पर बड़ी संख्या में गोताखोर भी तैनात किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें