गोंडा। करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर गोड़वा नसीरपुर के पास बाइक की टक्कर से साइकिल सवार कोटेदार की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कटरा बाजार के ग्राम गोड़वा के कोटेदार गिरीश तिवारी (65) मंगलवार शाम सात बजे सब्जी लेने के लिए साइकिल से सेमरा चौराहा गए थे। लौटते समय गांव के समीप ही सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गिरीश के साथ ही बाइक सवार कटरा बाजार के ग्राम निंदूरा निवासी परवेज (18), फरमान (19) व सजीम शाह (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने गिरीश तिवारी, परवेज व फरमान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। वहां कोटेदार गिरीश तिवारी की मौत हो गई।
कोटेदार की मौत की पुष्टि ग्राम प्रधान राजू तिवारी ने करते हुए बताया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। तीनों हेलमेट नहीं पहने थे। बाइक चलाने में लापरवाही से हादसा हुआ है। वहीं, गिरीश की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।