गोंडा के कटरा बाजार ब्लाक परिसर में परियोजनाओं का लोकार्पण करते सांसद, विधायक व प्रमुख।
- फोटो : GONDA
गोंडा। क्षेत्र पंचायत कटरा बाजार की बैठक ब्लॉक मुख्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में रविवार को ब्लॉक प्रमुख भवानी प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चर्चा के बाद करीब 25 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
खंड विकास अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार देख रहे जिला परियोजना अधिकारी सेवाराम चौधरी ने सभी योजनाओं की जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुभाष पांडेय ने सभी सदस्यों को जानकारी दी कि 6 करोड़ रुपये पंचम वित्त से, 8 करोड़ रुपये केंद्रीय वित्त आयोग व 11 करोड़ रुपये मनरेगा से खर्च किये जायेंगे।
इन परियोजनाओं के द्वारा विकास खंड के 78 ग्राम पंचायतों का विकास कार्य कराया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह रहे। सांसद ने संबोधित करते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आरक्षण की वजह से टल सकता है।
आरक्षण पर 15 मार्च को न्यायालय के आदेश के बाद ही सरकार कुछ निर्णय लेगी। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का बखान किया। विधायक ने सभी सदस्यों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की अपील की।
ब्लॉक मुख्यालय पर करीब एक करोड़ से कराये गये 9 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिला पंचायत सदस्य जमथरा भवानी भीख शुक्ल व बीरपुर के प्रतिनिधि अर्जुन प्रसाद तिवारी ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पूर्व प्रमुख राजाराम मिश्र, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुभाष पांडेय सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।