धानेपुर के जोतिया गांव में निकाली गई गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। धानेपुर के जोतिया गांव में अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गणपति बप्पा की विदाई हुई। सुबह से बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पूजा पंडाल में विधिविधान से गणेश जी की पूजा और आरती की गई। इसके बाद ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई।
नवयुवक मित्र मंडल सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति की ओर से आयोजित महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने गणेश जी को मोदक और अन्य प्रसाद अर्पित किए। आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। इसके बाद ढोल-मजीरे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप के साथ भक्त भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े। समिति ने विसर्जन यात्रा में डीजे का प्रयोग नहीं किया।
श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए बालिका विद्यालय, माधवगंज और नगर पंचायत के डॉ. भीमराव आंबेडकर वार्ड से होते हुए सिंहपुर पहुंचे। यहां से यात्रा जोतिया गांव के अमृत सरोवर पहुंची। सरोवर के किनारे श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की फिर आरती की और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयघोष के बीच प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में जगदीश प्रसाद शुक्ल, अन्ना तिवारी पंडित, दीपक कुमार, आचार्य अमरनाथ शास्त्री, शिवप्रसाद, जनार्दन प्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।