गोंडा। बार एसोसिएशन के नई कार्यकारिणी के चुनाव की तैयारियों को लेकर एल्डर कमेटी के प्रभारी अध्यक्ष ब्रहमानंद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को बार एसोसिएशन भवन में एल्डर और चुनाव कमेटी की बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि मतदान के लिए अधिवक्ताओं को अपने पारंपरिक ड्रेस कोड के साथ ही आना होगा। इसके साथ ही मतदान केंद्र में मोबाइल ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। मतदान के लिए अधिवक्ताओं को सीओपी पहचान पत्र के साथ आना भी अनिवार्य होगा।
अध्यक्ष ब्रहमानंद सिंह ने बताया कि नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए 29 नवंबर को प्रातः 10 बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा। यदि चार बजे के बाद भी कोई मतदाता लाइन में है तो उसे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का पूरा मौका मिलेगा। बताया कि एल्डर कमेटी व चुनाव कमेटी के सदस्य अधिवक्ता भी ड्रेस कोड का पालन कर अपना पहचान पत्र भी साथ में रखेंगे। मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी रहेगी। बैठक में वीरेंद्र त्रिपाठी, सैयद् सफदर हुसैन व अनिलदेव शुक्ला के साथ चुनाव कमेटी के सदस्य डीपी ओझा, रसिक बिहारी तिवारी, इंदु प्रकाश तिवारी, राजेश ओझा, महेंद्र मोहन मिश्र, बृजेंद्र कुमार शुक्ल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।