गोंडा। जिले में गरीबों को वितरित होने वाले राशन अनाज में किसी भी तरह गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। इसको लेकर गंभीर जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिले में संचालित 16 अनाज गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। इसके तहत जिले की चारों तहसीलों के एसडीएम के साथ ही पूर्ति निरीक्षकों ने अनाज गोदामों पर पहुंच कर वहां मौजूद दस्तावेजी अभिलेखों की जांच पड़ताल कर अनाज स्टाक का सत्यापन परखा।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि अनाज उठान और वितरण की रिपोर्ट भी तैयार करायी जा रही है। वर्तमान में गरीबों को मुफ्त राशन वितरण की संचालित योजना के आवंटित स्टाक का सत्यापन भी गोदामों की जांच के दौरान किया गया। अनाज गोदामों में मौजूद राशन के स्टाक और वितरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद अब कोटेदारों के स्तर से हुई उठान और वितरण कार्य की भी जांच करायी जा रही है। जिले में पांच लाख से अधिक परिवार राशन अनाज वितरण योजना से जुड़े हैं। इसके लिए मांग के अनुसार खाद्यान्न का आवंटन गोदामों को होता है। शासन ने अप्रैल माह से अगले तीन माह के लिए मुफ्त राशन अनाज योजना का विस्तार किया है। इस लिए अनाज गोदामों में मार्च में हुए वितरण के साथ ही खाद्यान्न की मौजूदा उपलब्धता रिपोर्ट भी तैयार करायी जा रही है।
इससे अनाज आवंटन के साथ उठान की स्थिति की सही जानकारी हो सकेगी। जिलाधिकारी की तरफ से जारी निर्देश में साफ तौर पर चेताया गया है कि राशन अनाज की उठान और वितरण से जुड़े कार्य में किसी भी तरह की कोई अनियमितता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गड़बड़ी में चिह्नित होने वालों की जिम्मेदारी तय कर सीधे दंडात्मक कार्रवाई तय होगी।
अनाज घोटाले में हो चुकी डीएम समेत कई पर कार्रवाई
जिले में राशन अनाज के घोटाले को लेकर कई बार कार्रवाई हो चुकी है। इनमें से एक खाद्यान्न घोटाले की जांच तो सीबीआई अभी तक कर ही रही है। साल 2018 में वजीरगंज में हुए खाद्यान्न घोटाले के मामले में तो तत्कालीन जिलाधिकारी समेत कई अफसर निलंबित तक हो चुके हैं। बीते साल भी 50 से अधिक कोटेदारों के खिलाफ उठान व वितरण से जुड़े मामलों में दंडात्मक कार्रवाई हो चुकी है। इसके दृष्टिगत ही प्रशासन इस बार अप्रैल माह में शुरू होने वाली अनाज उठान व वितरण से पहले ही अनाज गोदामों से जुड़े सभी दस्तावेजी अभिलेखों के साथ ही मौजूद स्टाक सामग्री का भी भौतिक सत्यापन कराने की कवायद में जुटा है।
बभनजोत समेत आधा दर्जन ब्लॉक दागी
वैसे तो जिले में राशन अनाज के वितरण की गड़बड़ी से जुड़े कई ब्लॉक चर्चित हैं लेकिन बभनजोत ब्लॉक के साथ ही तरबगंज, वजीरगंज, झंझरी, करनैलगंज, नवाबगंज आदि इलाकों में हुई गड़बड़ी की गूंज काफी समय तक कायम बनी रही। इसके चलते ही इस बार इन ब्लॉक इलाके के अनाज गोदामों पर विशेष तौर से नजर रखी जा रही है। इन ब्लॉक क्षेत्र में संचालित राशन दुकानों से लेकर अनाज गोदाम तक के उठान और वितरण से जुड़े सभी दस्तावेजों को जांच परख कर अनाज स्टाक को सत्यापित कराया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को पकड़ा जा सके।