गोंडा। नगर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को सीडीओ समेत प्रशासनिक अधिकारियों पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों में केस दर्ज किया है। आरोप है कि एक्स के एक अकाउंट से अधिकारियों की फोटो व वीडियो को छेड़छाड़ करके पोस्ट किया जा रहा है। पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, हाउसिंग कॉलोनी निवासी अभय प्रताप सिंह रमन सीडीओ कार्यालय में जिला समन्वयक पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह सीडीओ की ऑफीशियल साइट चलाने के लिए अधिकृत हैं। गत अगस्त से अक्तूबर तक सीडीओ समेत प्रशासनिक अफसरों को टैग कर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। फोटो व वीडियो को छेड़छाड़ करके अश्लील बनाकर पोस्ट किया जा रहा है। जिला समन्वयक अभय प्रताप सिंह ने पुलिस को पोस्ट के स्क्रीनशॉट देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने बताया कि जिला समन्वयक की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। आईएएस जागृति के नाम से बने एक्स एकाउंट से उक्त फोटो व वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। आरोपी का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।