उमरी बेगमगंज (गोंडा)। स्थानीय थाने के एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोनौली गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे चौकीदार के दाहिने हाथ व पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उमरी बेगमगंज के सोनौली रघुनाथ पुरवा निवासी विजय प्रताप उर्फ रिंकू सोनौली गन्ना क्रय केंद्र पर चौकीदारी करते हैं। उनके पिता गजेंद्र कुमार सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गत 16 दिसंबर की शाम छह बजे बेटा रिंकू क्रय केंद्र पर था। तभी अखंड प्रताप सिंह, अमर सिंह, विजय सिंह, दीपू सिंह और सौरभ सिंह आ धमके। रिंकू से गालीगलौज के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर उक्त लोगों ने रिंकू को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
जानकारी मिलने पर परिजनों ने रिंकू को स्थानीय स्तर पर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने हालात गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि परिजन की तहरीर के आधार पर अखंड प्रताप सिंह व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाने का हिस्ट्रीशीटर है अखंड
पिता का कहना है कि आरोपी अखंड प्रताप सिंह उमरीबेगमगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसका आपराधिक इतिहास थाने के अभिलेखों में दर्ज है। पीड़ित ने बताया कि बेटे के बचाव के लिए दौड़े लोगों को भी उसने जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।