फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बिजली आपूर्ति ठप रहने के विरोध में हाईवे जाम, हंगामा

Sun, 28 Apr 2024 12:41 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के महरानीगंज घोसियाना में बृहस्पतिवार देर रात जले ट्रांसफार्मर को 36 घंटे बाद भी बदला नहीं जा सका। इससे आसपास के सैकड़ों लोग न सिर्फ परेशान रहे बल्कि बूंद-बूंद पानी के लिए भी तरस गए। शनिवार दोपहर लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने लखनऊ-बलरामपुर हाईवे जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दो बजे महारानीगंज घोसियाना में दुर्गा मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई थी। इस दौरान आग की लपटें कांग्रेस नेता रमा कश्यप के फर्नीचर शोरूम व आनंद होटल तक जा पहुंचीं। जिसके चलते शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। देर रात अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की सूचना पर शुक्रवार को बिजलीकर्मियों की टीम ट्रांसफार्मर बदलने पहुंची तो कांग्रेस नेता के विरोध के चलते टीम को लौटना पड़ा। ट्रांसफार्मर नहीं बदल पाने से आसपास के दर्जनों घरों की बिजली ठप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से बूंद-बूंद पानी के लिए भी तरस गए। शनिवार दोपहर दो बजे तक बिजली नहीं आई तो गुस्साए लोगों ने लखनऊ-बलरामपुर रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ दूर तक जाम लग गया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार शर्मा, सीओ विनय कुमार सिंह और नगर कोतवाल राजेश सिंह ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया।
ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध कर रहीं ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सदस्य रमा कश्यप की अफसरों से तीखी नोकझोंक हुई। रमा की अगुवाई में महिलाएं जमीन पर बैठ गईं। इसके बाद प्रशासन बैकफुट पर आ गया। जबकि कई दिन से बिजली गुल होने से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे उपभोक्ताओं ने भी जमकर विरोध जताया है। देर शाम तक सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में अफसर मौके पर डटे रहे। किसी तरह से समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया गया। देर शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया जा सका।
विज्ञापन


सिटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने से दो घरों में आग लग गई थी। संबंधित लोगों के विरोध के चलते ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया जा सका। परंपरागत तरीके से ट्रांसफार्मर पहले लगे ट्रांसफार्मर के स्थान पर ही रखा जा रहा है। पीडब्ल्यूडी व बिजली विभाग की मदद से पैमाइश कर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। सभी जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
एक्सईएन राधेश्याम भास्कर का कहना है कि बिजली विभाग की टीम लगातार दो दिन से ट्रांसफार्मर बदलने के लिए प्रयासरत है। पूर्व स्थान पर ही ट्रांसफार्मर रखवाकर व्यवस्था बहाल करने की कोशिशें की गईं। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के सामने टीम से अभद्रता की गई है। ट्रांसफार्मर नहीं बदल पाने से उपभोक्ता परेशान हैं।

सीओ सिटी विनय कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ फर्नीचर और आनंद होटल के संचालकों की ओर से ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर में आग लगने से ये दोनों संस्थान चपेट में आ गए थे। ट्रांसफार्मर तक अतिक्रमण है। इस वजह से भी परेशानी है। बातचीत कर ट्रांसफार्मर रखवाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें