फोटो-6 गोंडा के बेलसर में लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाता आरोग्य मित्र।- संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के आशा कर्मियों, संगनियों तथा उनके परिवारों का गोल्डन कार्ड बनाया जाएगा। योजना का विस्तार करते हुए 3236 परिवारों को हर साल पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी।
जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों तैनात 3236 आशा व संगनियों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। बुधवार को सीएमओ डॉ. राधेश्याम केसरी ने कहा कि जिले में दो लाख 92 हजार 288 परिवारों के 12 लाख 31 हजार 260 सदस्यों को इस स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए चयनित किया गया है।
अब तक तीन लाख पांच हजार 550 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिसमें 64 हजार 634 अंत्योदय कार्डधारकों तथा 22 हजार 576 निर्माण श्रमिक शामिल हैं। आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने बताया कि आशाओं को योजना से जोड़ने के लिए सभी सीएचसी अधीक्षकों से आशाओं व संगनियों का ब्योरा मांगा गया है।
खुद भी देख सकते सूची में नाम
आयुष्मान योजना के सूची में अपना नाम लाभार्थी खुद भी देख सकते हैं तथा ऑनलाइन गोल्डन कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। जिला सूचना प्रबंधक अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि setu.pmjay.gov.in पर आधार कार्ड नंबर और मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर सूची में अपना नाम देखा जा सकता है। कार्ड डाउनलोड कर मोबाइल में डिजिटल कार्ड रख सकते हैं, जिससे कभी भी कहीं भी मुफ्त इलाज का लाभ ले सकें। आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत या सहायता के लिए योजना के टोल फ्री नंबर 14555 पर संपर्क कर सकते हैं।