गोंडा। मंकी पॉक्स बीमारी को लेकर अस्पतालों में अलर्ट जारी किया गया है। विदेश व दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। सीएमओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम को सक्रिय कर निगरानी बढ़ा दी गई है। आशा व एएनएम के माध्यम से मंकी पॉक्स के लक्षण वाले बीमार लोगों की सूचना जुटाई जा रही है।
जिले में मंकी पॉक्स का कोई असर नहीं है, लेकिन दूसरे प्रदेशों में फैल रही बीमारी को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने सभी सीएचसी व पीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने कहा कि सभी अधीक्षक आशा व एएनएम के माध्यम से तेज बुखार, शरीर में चकत्ते पड़ने, शरीर में दाग और जलन वाले मरीजों की जानकारी करें। ऐसे मरीजों को तत्काल चिकित्सीय परामर्श देकर उचित उपचार शुरू किया जाए। डीएमओ एसजेडए जैदी ने बताया कि मंकी पाॅक्स एक तरह की संक्रामक बीमारी है। यह वायरल से फैलती है। इसमें तेज बुखार के अलावा न्यूरो संबंधी दिक्कत भी आ सकती है।
विदेश यात्रा से लौटने वाले लोगों की आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से 21 दिन तक निगरानी कराई जाएगी। किसी भी प्रकार के लक्षण मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम में सूचना दी जाएगी। बिना देर किए मरीज के घर पर स्वास्थ्य टीम पहुंच जाएगी। मेडिकल कॉलेज में जांच कराने के बाद बीमारी की पुष्टि होने पर आइसोलेट कर उपचार किया जाएगा। बीमारी के लक्षण मिलने पर सीएमओ कंट्रोल रूम के नंबर 7398999406, 05262-227855 पर कॉल करें।