गोंडा- 11 गोंडा में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते एसीएमओ डॉ. एपी सिंह। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में आगामी 19 से 23 अप्रैल तक वृहद स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रति दिन चार ब्लॉकों में सीएचसी पर स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। मेले में एक ही स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों के अलावा जांच और दवाओं की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शासन स्तर से आदेश मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मेला आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सीएचसी और पीएचसी पर प्रत्येक रविवार को लगने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। पिछले दस अप्रैल से साप्ताहिक मेलों का आयोजन फिर शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा अलग से प्रतिदिन चार ब्लॉकों पर 19 से 23 अप्रैल तक वृहद स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। बतौर नोडल स्वास्थ्य विभाग के चारो एसीएमओ को जिम्मेदारी दी गई है। वृहद स्वास्थ्य मेलों में सांसद और विधायकों की उपस्थिति भी रहेगी।
एसीएमओ डॉ. एपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों की मेला आयोजन में सहभागिता रहेगी। लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी और वे आसानी से अपना इलाज करा सकेंगे।
रोज चार सीएचसी पर लगेगा स्वास्थ्य मेला
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत 19 अप्रैल को इटियाथोक, पड़री कृपाल, मुजेहना तथा खरगूपुर सीएचसी पर स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। जिसके नोडल अधिकारी डॉ. टीपी जायसवाल होंगे। मेले का उद्घाटन स्थानीय सांसद कीर्तिवर्धन सिंह व विधायक विनय कुमार द्विवेदी करेंगे। 20 अप्रैल को करनैलगंज, परसपुर, हलधरमऊ तथा कटरा बाजार में मेले लगेगा। इसके नोडल अधिकारी डॉ. जय गोविंद बनाए गए है, मेले का उद्घाटन स्थानीय सांसद व विधायक करेंगे। 21 अप्रैल को छपिया, बभनजोत, काजीदेवर, मनकापुर तथा 23 अप्रैल को तरबगंज, बेलसर, नवाबगंज तथा वजीरगंज में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा।