गोंडा में मोहिनी । (फाइल फोटो)
- फोटो : GONDA
गोंडा। खम्हरिया गांव में बांस गाड़ने को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार की देर शाम आधा दर्जन लोग एक व्यक्ति के घर पर चढ़ आए और दादा पोती को जमकर पीटा। विरोध करने पर पथराव शुरु कर दिया। हमलावरों ने मड़हा भी फूंक दिया। घायल दादा पोती को सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में देर रात पोती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव के रहने वाले लल्लू प्रसाद 55 पुत्र केशवराम ने बताया कि उसका गांव के सुखपाल से जमीन का विवाद चल रहा था। लल्लू प्रसाद के मुताबिक वह अपनी जमीन पर शुक्रवार की देर शाम बांस गाड़ रहा था। उसकी पोती मोहिनी 12 पुत्री हरिशंकर मवेशियों को चारा डाल रही थी। इसी बीच गांव के सुखपाल और उनके साथियों ने लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसे मारने-पीटने लगे। दादा की पिटाई देख मोहिनी बचाने दौड़ी तो हमलावरों ने मोहिनी पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने दादा पोती की जमकर पिटाई की। विरोध करने पर पथराव शुरु कर दिया और मड़हा फूंक दिया।
दोनों को सीएचसी मुजेहना लाया गया। जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पातल में देर रात इलाज के दौरान मोहिनी की मौत हो गई। मोहिनी के पिता हरिशंकर ने बताया कि काफी दिनों से सुखपाल और अलखराम से तकरीबन 6 बीघा जमीन का विवाद चल रहा है। इसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। हरिशंकर ने थाना धानेपुर में सुखपाल व अलखराम समेत छह लोगों के खिलाफ शुक्रवार की रात मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने व आगजनी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष धोनुपर संतोष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहले से दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा तरमीम कर दी गई है। बताया कि पहले भी मारपीट हुई थी दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी।