गोंडा। छपिया थाना क्षेत्र खजुरी गांव के रहने वाले एक राजमिस्त्री की कानपुर में करंट लगने से मौत हो गई। ठेकेदार ने परिजनों को मौत की सूचना दिए बगैर राजमिस्त्री का शव एंबुलेंस से घर भेज दिया।
गांव निवासी राजमिस्त्री सुरेश यादव (35) कानपुर में रहकर एक ठेकेदार के साथ टाइल्स लगाने का काम करते थे। सुरेश की पत्नी सीमा ने बताया कि कानपुर में काम करते समय बुधवार को सुरेश की टाइल्स कटर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ठेकेदार ने पति के मौत की सूचना भी नहीं दी। ठेकेदार ने बृहस्पतिवार सुबह एंबुलेंस से उनके पति का शव घर भेज दिया। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हेमू सिंह और परिजनों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही से सुरेश की मौत हुई है। परिजनों की सूचना पर यूपी 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। छपिया थानाध्यक्ष कृष्णगोपाल राय ने बताया के सीमा की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।