नवाबगंज के लौव्वावीरपुर गांव में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। - संवाद
गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है। एक ही रात में दो गांव के तीन घरों में घुस कर चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी पार कर दी। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के लौव्वावीरपुर सिंगाराय पुरवा निवासी शीतला प्रसाद यादव ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे घर के पीछे से घुसे चोर कमरे में रखी दो संदूक खेत में उठा ले गए। शीतला के नाती सत्यम ने बताया कि उसने 4 लोगों को पीछे खेत में देखा था। चोर छह जोड़ी पायल, पाजेब, नथुनी, चार जोड़ी बिछिया, दो कील, मटर माला, झाला व 11 हजार रुपये उठा ले गए। गांव के ही राम गोविंद यादव ने बताया कि उनके घर में छत के रास्ते घुसे चोर 14 हजार नकद, एक टप्स, एक कील और कुछ चांदी के जेवर चुरा ले गए हैं।
वहीं, बगल के गांव जलालपुर के निवासी रामनाथ यादव ने बताया कि चोर उनके घर से 4 सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, तीन मटर माला, तीन जोड़ी पायल, करधन, चांदी का ब्रेसलेट, दो जोड़ी झुमकी, माथबेंदी, पाजेब और 12000 रुपये नकद चुरा ले गए। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।