गोंडा। उत्तर प्रदेश सरकार के ई गवर्नेंस के तहत जिले ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि सीडीओ व अन्य जनपद स्तरीय कार्यालयों की श्रेणी में ई फाइलिंग प्रणाली में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए गोंडा ने प्रदेश के शीर्ष दस जनपदों में जगह बनाई है। टाॅपटेन जिलों में अंबेडकरनगर, बाराबंकी, रामपुर, हरदोई, एटा, वाराणसी, कासगंज, श्रावस्ती, कन्नौज के साथ गोंडा शामिल है।
सीडीओ अंकिता जैन ने बताया कि ई ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए उनके अधीनस्थ 74 कार्यालयों में ई फाइलिंग की व्यवस्था क्रियाशील हो चुकी है। इसके अंतर्गत 621 यूजर्स को प्रशिक्षण देकर डिजिटल कार्यप्रणाली से जोड़ा गया है। साथ ही जिले के 16 विकासखंडों में भी यह प्रणाली प्रारंभ कर दी गई है। इसमें जिला विकास अधिकारी कार्यालय, एक्सईएन आरईडी कार्यालय एवं परियोजना निदेशक कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण इकाइयां इसमें सबसे आगे हैं।
डीडीओ सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश के अनुपालन में 11 सदस्यीय तकनीकी समिति का गठन किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों के ई फाइलिंग में दक्ष अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया है। यह समिति अन्य कार्यालयों को तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है ताकि सभी इकाइयां डिजिटल रूपांतरण प्रक्रिया में सशक्त बन सकें।