यूपी के गोंडा जिले में एक फिल्मी कहानी जैसा मामला हुआ है। यहां पांच बच्चों की मां को फेसबुक पर एक व्यक्ति से प्यार हो गया। मामला इतना आगे बढ़ गया कि वह पति और बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ रवाना हो गई।
यूपी के गोंडा जिले के वजीरगंज में फेसबुक पर हुआ प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि महिला पति व 5 बच्चों को छोड़ कर प्रेमी के संग फरार हो गयी। पति के गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने महिला व प्रेमी को बरामद कर लिया। इस मामले में बाद में फिल्मी स्टाईल महिला की इच्छा के मुताबिक उसे प्रेमी के साथ भेज दिया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने बच्चों के साथ रहती थी। पति रोजी रोटी के सिलसिले में प्रदेश रहता है। उसके पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी 18 व सबसे छोटी बच्ची 7 वर्ष की है। महिला की मनकापुर कोतवाली अंतर्गत गड़रही निवासी छठ्ठीराम से दो वर्ष पहले दोस्ती हुई। दोनों ने फेसबुक पर ही मोबाइल नंबर का आदान प्रदान किया और बात करने लगे।
दोनों के बीच हुआ प्यार इस कदर बढ़ा कि दोनों ने घर से भाग कर कोर्ट मैरिज ली। महिला के अचानक गायब होने पर पति ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज करायी। पुलिस ने सर्विलांस से मिले नंबर व लोकेशन से प्रेमी-प्रेमिका को बरामद कर थाने लायी। मौके पर आए पति ने पत्नी पर घर के जेवरात लेकर भागने का आरोप लगाते हुए वापस करने की मांग की। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि महिला की इच्छा के अनुसार उसे प्रेमी संग भेज दिया गया है।