बदमाशों के हमले में घायल हुआ सराफ।
- फोटो : amar ujala
बभनान के सिसई रानीपुर चौराहे के समीप स्थित दुकान से लौट रहे सराफ को बाइक सवार दो बदमाशों ने फूलपुर गांव के पास रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बट से मारकर पहले उसके गले की चेन छीन ली। उसके बाद बैग लूटने का प्रयास किया। जब कामयाब नहीं हुए तो गोली मार दी। बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। सीएचसी छपिया में इलाज कराया गया। लूट की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।
बस्ती जिले के गौर थाना के नगर पंचायत बभनान वार्ड नंबर सात निवासी समर कसौंधन छपिया के सिसई रानीपुर चौराहे के समीप सराफ की दुकान करते हैं। रविवार की देर शाम वह दुकान बंद करने के बाद बैग में सोने-चांदी के जेवरात लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने फूलपुर के पास उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद तमंचे के बट से मारकर उनके गले की चेन छीन ली और जेवरात से भरा बैग भी छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने बैग नहीं दिए तो छीनाझपटी के दौरान एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली समर के बाएं हाथ में लगी जिससे वह घायल हो गए।
थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि बदमाशों की गोली से घायल समर का इलाज चल रहा है। चेन व बैग लूटे जाने की भी सूचना है। बैग में कितनी कीमत के जेवरात थे इसकी जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।