परसपुर ब्लॉक परिसर में स्टालों का निरीक्षण करते आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार व अन्य। -
पसका। भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निदेशक पंकज कुमार ने कहा कि खाताधारकों को समय-समय पर अपने खातों का केवाईसी जरूर कराना चाहिए। इससे खातों का संचालन बिना रुकावट जारी रहता है। वह बृहस्पतिवार को परसपुर विकासखंड मुख्यालय पर वित्तीय समावेशन पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जुड़ने की अपील की। साथ ही ग्राहकों को सलाह दी कि वे अपने ऋण की नियमित अदायगी करें। इससे उनका सिबिल स्कोर बेहतर रहेगा और जरूरत पड़ने पर ऋण सुविधा लेने में दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने लोगों से बैंक शाखाओं और ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क कर बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख राजेश भदौरिया ने ग्राहकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। आरबीआई की गोंडा की नोडल अधिकारी प्रतिभा इंदौरिया ने कहा कि किसी भी अनजान कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी या ओटीपी साझा न करें। उप्र ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने कहा कि जिन खातों में दो साल से अधिक समय से लेनदेन नहीं हुआ है, उनके धारक निकटवर्ती शाखा या पंचायत कैंप में जाकर केवाईसी अवश्य कराएं।
कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक विनोद कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान विनय तिवारी, विक्की मिश्रा, दिनेश चंद्र, अमित सिंह, जितेंद्र यादव, देवदत्त त्यागी समेत कई लोग मौजूद रहे।