गोंडा। 75 वें स्वतंत्रता दिवस रविवार को पूरी उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां शनिवार को पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने सभी विभागों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। ध्वजारोहण के लिए अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। समारोह कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा है कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण स्वतंत्रता दिवस का आयोजन सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यालयों, भवनों आदि पर निर्धारित समय पर ध्वजारोहण होेगा। डीएम ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए समारेह मनाने का निर्देश दिया है। डीएम ने कहा है कि अनावश्यक भीड़-भाड़ इकट्ठा करने वाले कोई कार्यक्रम आयोजित न किये जाएं। सरकारी भवनों पर सुबह आठ बजे झंडारोहण किए जाने के साथ कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यालयों में उपस्थिति लिए जाने और समारोह में प्रतिभाग करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी सरकारी भवनों पर सजावट किये जाने का निर्देश दिया है। डीएम ने डीपीआरओ तथा नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं व प्रमुख स्थलों पर माल्यार्पण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कलक्ट्रेट समेत सभी सरकारी भवनों पर विद्युत उपकरणों से रोशन किया गया। डीएम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सुबह आठ बजे कलक्ट्रेट भवन पर ध्वजारोहण किया जाएगा।
ये होंगे कार्यक्रम
- सुबह 8 बजे ध्वजारोहण समस्त सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों व पंचायत भवन पर। सुबह 10 बजे से 10.30 बजे तक गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण। 10.30 बजे से 11.00 बजे पौधरोपण कार्यक्रम। जिलाधिकारी द्वारा वेंकटाचार्य क्लब में ध्वजारोहण। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बरियारपुरवा में ध्वजारोहण 12 बजे। जिला अस्पताल में सीएमओ द्वारा फल वितरण 12.45 बजे। कुष्ठ सेवा केंद्र में फल वितरण 3 बजे। चित्र प्रदर्शनी शहर के प्रमुख चौराहों पर।
स्कूलों में बच्चों को बुलाने पर रोक
- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर वर्ष होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजनों पर इस बार रोक रहेगी। स्कूलों में किसी तरह के कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। प्रभात फेरी नहीं निकाली जाएगी। जायेगी। ध्वजारोहण के लिए सिर्फ शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। बच्चों के बुलाने पर रोक लगा दी गई है। सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से देशभक्ति का प्रचार प्रसार कराया जायेगा।
झांकी निकालने पर भी रोक
कोविड प्रोटोकॉल का पालन को लेकर पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भी सीमित कर दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में इस बार सिर्फ पुलिस परेड का आयोजन होगा। पुलिस लाइन में इस बार झांकी निकालने पर रोक रहेगी। किसी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं आयोजित हो सकेगा।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा।कहां भी किसी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। मंच के माध्यम से होने वाले कार्यक्रमों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। स्वतंत्रता दिवस में शामिल होने वाले लोगों को कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन करना होगा। मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा।
अपने कार्यालय में देनी होगी उपस्थिति वरना कटेगा वेतन
स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति को लेकर भी डीएम ने निर्देश जारी किया है। डीएम ने कहा है कि सभी सरकारी कर्मचारियों को अपने कार्यालय में मौजूद रहना होगा। दूसरे कार्यालय मे दी गई उपस्थिति मान्य नहीं होगी, अन्यथा की दशा में एक दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।