गोंडा। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना में स्वदेशी नस्ल की गाय पालने को लेकर गोपालकों में जबरदस्त उत्साह दिखा, लेकिन सीमित लक्ष्य के कारण अधिकांश आवेदकों की उम्मीदें टूट गईं। जिले में मिले 290 आवेदनों में जांच के बाद 264 आवेदक पात्र पाए गए, लेकिन लॉटरी में सिर्फ 28 लाभार्थियों का ही चयन हो सका।
विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद की अध्यक्षता में लॉटरी निकाली गई। चयनित लाभार्थियों में 14 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। इस दौरान जिला विकास अधिकारी डॉ. आदित्य तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शशि कुमार शर्मा, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अनुज यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एनके सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अनुज यादव ने बताया कि योजना के तहत गिर, साहीवाल और थारपारकर नस्ल की दो गाय खरीदने पर दो लाख रुपये की लागत के सापेक्ष 40 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।