गोंडा। उत्तर प्रदेश ऑटो लोडर संयुक्त कल्याण समिति के बैनर तले बुधवार को ऑटो लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालकों एवं मालिकों ने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अनुज यादव के नेतृत्व में पहुंचे चालकों ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर आरटीओ आरसी भारतीय को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देवीपाटन मंडल में परिवहन विभाग की ओर से एंटी सिस्टम अभियान के नाम पर वाहन चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑटो लोडर, पिकअप और डाला वाहनों का 35 हजार से 40 हजार रुपये तक का चालान किया जा रहा है, जिससे छोटे वाहन संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। समिति ने ऐसे चालानों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त करने, अवैध वसूली पर रोक लगाने और वाहन चालकों का अनावश्यक उत्पीड़न बंद करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मीडिया प्रभारी प्रकाश नाथ, राजीव जायसवाल, हर्षवर्धन सिंह, मनीष पाल सहित बड़ी संख्या में ऑटो लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालक एवं मालिक मौजूद रहे।