गोंडा। पीएम केयर्स फार चिल्ड्रेन योजना के पांच लाभार्थी बच्चों को डीएम ने किट प्रदान किया। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से बच्चों को संबोधित किया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
एनआईसी में डीएम डॉ. उज्जवल कुमार व सीडीओ गौरव कुमार ने जिले के पांच बच्चों को किट वितरित किया। किट में बच्चों के लिए डाकघर में संचालित खाते की पासबुक, फिक्स डिपाजिट (एफडी) की पासबुक, पांच लाख रुपये तक का हेल्थ कार्ड, स्नेह पत्र, प्रधानमंत्री का संबोधन पत्र व पीएम केयर्स पोर्टल का प्रमाण पत्र आदि है।
डीएम ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत कोविड-19 के संक्रमण के कारण अनाथ हुए बच्चों को लाभान्वित किया जाता है। योजना के तहत पांच बच्चों को चिह्नित कर लाभान्वित कराया गया है। डीएम ने बच्चों से संवाद किया, उनकी स्थिति जानी व हाल भी पूछा। उन्होंने बच्चों से कहा कि उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता रहेगा। कभी भी आवश्यकता होने पर वे उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश कुमार प्रजापति, सीडब्लूसी अध्यक्ष प्रेमशंकर लाल श्रीवास्तव, जेजेबी सदस्य अनुपमा श्रीवास्तव, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी जयप्रकाश यादव, संरक्षण अधिकारी चंद्रमोहन वर्मा व नेहा श्रीवास्तव, स्टेनो मनोज उपाध्याय, पंकज राव व सिद्धनाथ पाठक उपस्थित रहे।