गोंडा। कोतवाली देहात क्षेत्र के बेसियाचैन बनकटी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज की है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक और नकदी की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने तथा गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के रोहनीभारी गांव निवासी बाबादीन ने बताया कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री राधा देवी का विवाह बेसियाचैन बनकटी गांव निवासी विवेक उर्फ त्रिवेणी के साथ हुआ था। सास सीता, त्रिवेणी के बहनोई कल्लू व बहन गीता शादी के बाद से ही दहेज में बाइक और रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर राधा को प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि 13 जून को उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)