गोंडा। राशन कार्ड धारकों का अंगूठा लगवाकर प्राक्सी के माध्यम से कार्ड धारकों का राशन हजम करने वाले कोटेदारों के खिलाफ डीएम डॉ. नितिन बंसल के आदेश पर सोमवार को कटरा बाजार के सर्वांगपुर के कोटेदार अशोक दूबे की दुकान पर डीएसओ ने छापा मारा तो पता चला कि राशन की अनिमितता में कोटदार व उसके भाई पवन कुमार दूबे की संलिप्तता मिली। डीएम के आदेश पर डीएसओ ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को थाना कटरा बाजार में तहरीर दी है।
डीएसओ ने वीरेन्द्र कुुमर महान ने बताया कि कोटेदार ने 198 कार्डों की प्राक्सी करके एक भी कार्ड धारक को बिना राशन दिए ही वितरण शत-प्रतिशत दिखा दिया। इसी प्रकार रूपईडीह रंजीत नगर के कोटेदार कन्धई लाल ने छ: क्विंटल 65 किलो गेहूं तथा दो क्विंटल 95 किलो चावल की गड़बड़ी प्राक्सी के जरिए की। कार्डधारकों से जब पूछा गया तो उन्होने बताया कि कोटेदार ने अंगूठा लगवा लिया और मशीन खराब होने की बात कहकर राशन नहीं दिया। डीएम ने कोटेेदार शेषराम के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने के आदेश डीएसओ को दिए हैं।
डीएम के आदेश पर डीएसओ ने रूपईडीह ब्लॉक के जेटपुरवा के कोटेदार के यहां छापा मारा तो पता चला कि कोटेदार ने खाद्यान्न वितरण में भारी गड़बड़ी की है। डीएसओ ने कोटा निलंबित करते हुए कोटेदार को नोटिस जारी की है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद गड़बड़ी साबित होने पर कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने कोटेदारों को आगाह किया है कि अभी भी समय है सुधार कर लें और हर कार्डधारक को निर्धारित यूनिट के हिसाब से राशन दें कोटेदार प्राक्सी बंद करें वरना सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।