गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के मनहना पूरे भुवाल गांव निवासी भाजपा नेता को पाकिस्तान से मिली बम से उड़ाने की धमकी के मामले में 17 दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर तक नहीं दर्ज की। सर्विलांस सेल से जांच कराने के नाम पर पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
तरबगंज के मनहना पूरे भुवाल निवासी जगत नरायन शर्मा भारतीय जनता पार्टी के सह संयोजक राष्ट्रीय महा जनसंपर्क अभियान (अवध क्षेत्र) की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जगतनरायन शर्मा के बेटे शुभम शर्मा के ह्वाट्सएप नंबर पर 10 मई की शाम 05:03 बजे से पाकिस्तान कोड के 923447925893 से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने जगतनरायन को जान से मारने व बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इससे पहले साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें धमकी मिली थी।
आरोप है कि जगतनरायन लोकसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाजपा प्रत्याशी का प्रचार कर रहे थे। इसलिए उन्हें धमकी मिली थी। जगतनरायन शर्मा ने तरबगंज थाने में तहरीर दी थी। मगर 17 दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की। जगतनरायन का कहना है कि उन्हें जान का खतरा है। राज्य सरकार की अनुशंसा पर उन्हें प्रशासन से एक अंगरक्षक मिला है। लेकिन धमकी के मामले में तरबगंज पुलिस लापरवाही बरत रही है।
प्रभारी निरीक्षक समशेर बहादुर सिंह ने बताया कि भाजपा नेता को पाकिस्तान से धमकी मिलने के मामले में सर्विलांस सेल को जांच सौंपी गई थी। मगर सर्विलांस सेल ने अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं दी है। कॉल कहां से आई और किसने की? इसका पता चलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।