गोंडा। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई गृह मंत्रालय और साइबर क्राइम से संबंधित पोर्टल से मिली रिपोर्ट के आधार पर की है।
पुलिस के अनुसार, साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के संबंध में उत्तर प्रदेश साइबर क्राइम मुख्यालय से निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद नगर कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क के नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक उदित कुमार वर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में सामने आया कि शिवनगर इमिलिया गुरुदयाल निवासी अशोक कुमार की फेसबुक आईडी और उससे जुड़े मोबाइल नंबर से फेसबुक मैसेंजर के एक ग्रुप में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो व अन्य सामग्री अपलोड की गई थी। साइबर रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया खाते और गतिविधियों की जांच की।
मामले में आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 67 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक अरविंद कुमार यादव को सौंपी गई है। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराई जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।