नए साल का जश्न धूमधड़ाका और मस्ती से सराबोर रहा। शनिवार की शाम से नव वर्ष को लेकर शुरू हुए कार्यक्रम पूरी रात चलते रहे। जहां देखो वहीं अभी तो पार्टी शुरू हुई की गूंज के बीच युवा हाथों में एक-दूसरे के हाथ डाल थिरकते रहे। नए साल को लेकर युवाओं, युवतियों और बच्चों में खासा उत्साह दिखा। सभी लोग नए साल के जश्न में डूबे रहे। नया साल शुरू होते ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर उनकी सुख समृद्धि की कामना की।
शनिवार की सुबह से ही वर्ष 2016 को अलविदा करने और 2017 के स्वागत को लेकर जिले भर में लोगों में खासा उत्साह दिखा। जश्न, मौज, मस्ती से लवरेज कार्यक्रमों में युवाओं के पैर थामे नहीं थम रहे थे, जिसे देखो, वही गानों पर धुन पर झूम रहा था।
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज तिराहे पर इन्फोटेक कंप्यूटर सेंटर पर विनीत कुमार पाठक, दिनेशकुमार जायसवाल, सुशील कुमार दूबे, ऋतिक, आलोक, अंकिता, वंदना, किरन मिश्रा,अनुराधा, प्रगति, ज्योति सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने बाली है मेरी उमरिया सहित अन्य गीतों पर खूब मस्ती कर नृत्य किया। जयनगरा में कौशल विकास संस्थान में केके मिश्रा कैंपस समारोह आयोजित किया गया।
बचपन प्ले स्कूल में नए साल के आगमन पर नन्हें-मुन्हों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा ब्राइट फ्यूचर सेंटर सहित अन्य कई स्थानों पर विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नया साल शुरू होते ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देनी शुरू कर दी, जिसका सिलसिला रात भर चलता रहा है।
नए साल पर अपनों को देने के लिए किसी ने गिफ्ट खरीदा है तो किसी ने गुलाब। इस दौरान गुलाब और गिफ्ट सेंटरों पर युवाओं व युवतियों की भारी भीड़ रही। उन्होंने अपनी मनपसंद के गिफ्ट खरीदे।