गोंडा। चेतावनी के बाद भी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में तेजी नही आ पा रही है। इसके चलते ही मंगलवार को पांच केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा की 40768 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। निर्धारित मूल्यांकन केंद्रों पर 6.12 लाख पुस्तिकाओं की जांच होनी है। इसके इतर अब तक मात्र 97 हजार 944 कापियों का मूल्यांकन ही हो सका है। डीआईओएस की चेतावनी के बाद भी परीक्षक ड्यूटी करने से कतरा रहे हैं। इससे मूल्यांकन में तेजी नही आ पा रही हैं। इससे आने वाले छह दिनों में पांच लाख से अधिक कापियों की जांच करना एक बड़ी चुनौती बना है।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की स्थिति पहले दिन बहुत खराब रही। परीक्षकों ने ड्यूटी ही नहीं की थी। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज में 233 परीक्षकों में 96 परीक्षक ही ड्यूटी पर आए। यहां 01 लाख 10 हजार 908 के इतर अब तक 17123 कापियों की जांच ही हो पायी है। जीजीआईसी में 01लाख 12 हजार 617 में 18746 कापियों, शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में 99 हजार 227 कॉपियों में से 20462 कॉपियों को, श्री गांधी रेलवे इंटर कॉलेज में 01 लाख 30 हजार 349 कॉपियों में से 25333 कापियां और जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज में 01 लाख 59 हजार 536 में से अब तक 16280 कापियों का मूल्यांकन ही हो सका है। दूसरी ओर डीआईओएस राकेश कुमार का कहना है कि कापियों के मूल्यांकन में लापरवाही बरतने वाले परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत कई का वेतन भी रोका गया है।