फोटो-14-गोंडा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कपूरपुर में मॉडल के साथ छात्राएं। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिले के 2628 परिषदीय स्कूलों के चार लाख परीक्षार्थियों की परीक्षा पूरी हो गई। अब सोमवार से कापियों का मूल्यांकन शुरू होगा। फिलहाल किसी छात्र को परीक्षा में फेल नहीं किया जाना है। परीक्षा न देने वाले छात्रों को भी कक्षोन्नति देकर आगे की कक्षा में प्रवेश दिलाया जाएगा। 31 मार्च तक परिणाम का वितरण कर नामांकन करना है। इसके साथ ही पहली अप्रैल से नए सत्र की शुरूआत भी हो जाएगी। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने सभी बीईओ को तय समय में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में बेसिक स्कूलों की परीक्षा पूरी होने पर शिक्षकों ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों परीक्षा पूरी होने पर राहत की सांस ली। इस बार अधिकतर शिक्षकों की बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी और प्रशिक्षणों में ड्यूटी होने से परीक्षा में अव्यवस्था रही। जैसे- तैसे परीक्षा पूरी हो गई है। डेढ़ लाख के करीब छात्रों ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी। यह अलग बात रही है कि ज्यादातर बच्चे लगातार अनुपस्थित नहीं रहे। शनिवार को कक्षा तीन, चार व पांच के बच्चों ने कार्यानुभव व नैतिक शिक्षा की परीक्षा दी। जिसमें कई तरह की सामग्री तैयार कर प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा छह, सात व आठ के छात्रों ने हिंदी, विज्ञान व पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा दी।