गोंडा। जिले में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 5,650 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने शनिवार को कड़ी निगरानी में परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की निगरानी रहेगी और पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी, सभी केंद्रों के सीसीटीवी और राउटर का परीक्षण किया है। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी हो गए हैं। प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को होगी।
इस बार भी परीक्षा रुहेलखंड विश्वविद्यालय करा रहा है। जिले में प्रस्तावित केंद्रों को स्वीकृति दी गई है। प्रवेश परीक्षा के लिए 18 अप्रैल से लेकर 20 मई तक आवेदन लिए गए थे। शनिवार को प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया है। कोरोना गाइड लाइन का पालन भी परीक्षार्थियों को करना होगा। परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को भी कोविड नियम ध्यान में रखने होंगे। परीक्षा संबंधी गाइड लाइन अलग से जारी होगी। पांच अगस्त को परीक्षा परिणाम जारी होंगे। इसके बाद काउंसिलिंग के साथ प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
इस बार भी होगी निगेटिव मार्किंग
बीएड प्रवेश परीक्षा में इस बार भी निगेटिव मार्किंग होगी। चार सौ अंकों की परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपज्ञों में दो सौ प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न दो अंक का होगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। इसके मुताबिक, पहले प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान भाषा से संबंधित 50-50 प्रश्न होंगे। दूसरे प्रश्नपत्र में सामान्य अभिरुचि परीक्षण और विषय योग्यता के 50-50 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक प्रश्न गलत होने पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे। दोनों पेपर का समय रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रवेश पत्र में अंकित करेगा।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण हो चुका है। परीक्षा केंद्रों पर विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कड़ी निगरानी में परीक्षा कराने की तैयारी कर ली गई है। राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक