रुपईडीह विकासखंड कार्यालय पर प्रदर्शन करते रोजगार सेवक। स्रोत: संगठन
रुपईडीह/बेलसर। ग्राम रोजगार सेवकों ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का पुतला फूंका। ब्लॉक अध्यक्ष सुखदेव तिवारी ने कहा कि पांच मार्च को बीडीओ को पत्र देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोजगार सेवकों ने वर्ष 2023-24 और 2024-25 के बकाया मानदेय के भुगतान की मांग करते हुए नारेबाजी की। संरक्षक विश्वनाथ शुक्ल ने वर्ष 2025-26 का मानदेय स्वीकृत कराने की मांग की। महामंत्री रवींद्र कश्यप ने मानदेय से कटी भविष्य निधि की धनराशि संबंधित खातों में जमा कराने की मांग उठाई। रोजगार सेवकों ने 16 को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस दौरान अनिल मिश्र, विनय शुक्ल, जितेंद्र राय, विशाल श्रीवास्तव, तुलसी राम, अनूप शुक्ल, शिवपाल यादव, लवकुश, मेवालाल वर्मा सहित दर्जनों रोजगार सेवक मौजूद रहे।
बेलसर संवाद के अनुसार, कई माह से मानदेय और भविष्य निधि का भुगतान न होने से नाराज मनरेगा कर्मचारियों ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह के नेतृत्व में दर्जनों रोजगार सेवकों ने एडीओ दयानंद सिंह को ज्ञापन सौंपा।