फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आश्रम कांड में चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, किशोरी की मां हिरासत में

विज्ञापन
फोटो-11-गोंडा में बहराइच रोड पर विमौर गांव स्थित आशाराम आश्रम। -संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। बिमौर गांव स्थित आसाराम बापू के आश्रम में कार से पांचवीं की छात्रा का शव मिलने के मामले में मिश्रौलिया चौकी प्रभारी को लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही आश्रम के केयरटेकर के बाद अब छात्रा की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि छात्रा का शव पहले आश्रम के महिला बाथरूम में रखा गया था। इसके बाद कार में रखा गया, मगर ठिकाने लगाने से पहले ही दुर्गंध उठने से मामले का खुलासा हो गया। कार व बाथरूम से एक समान दुर्गंध आने से जांच में जुटी पुलिस टीम भी सकते में है।
विज्ञापन

आसाराम के आश्रम के इस बहुचर्चित कांड में पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संतोष कुमार मिश्र ने मिश्रौलिया चौकी प्रभारी अवध किशोर शुक्ल को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जाता है कि उन्हें प्रकरण की सूचना पहले दी गई, लेकिन उनके स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब मिश्रौलिया चौकी पर वीरेंद्र श्रीवास्तव को तैनात किया गया है। दूसरी ओर छात्रा की मां को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जबकि आश्रम के केयरटेकर बाबा दयाराम को पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। छात्रा की मां को हिरासत में लेने से कुछ अलग ही कहानी सामने आ रही है।
..कहीं अवैध संबंध में रोड़ा बनने पर तो नहीं मार डाला!
छात्रा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस टीमों के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। जांच में शामिल पुलिस अधिकारियों की मानें तो घटना के पीछे प्रथमदृष्टया अवैध संबंध का मामला सामने आ रहा है। इसमें संभवत: छात्रा आड़े आ रही थी, इस वजह से उसे रास्ते से हटाया गया। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। मगर जांच में नई कहानी सामने आती दिख रही है, जिसमें अवैध संबंध में रोड़ा बनना ही छात्रा की हत्या का कारण माना जा रहा है।
विज्ञापन

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, जहर देने की आशंका
मामला आसाराम के आश्रम से जुड़ा होने से प्रशासन हर कदम फूंक-फूंककर पर रख रहा है। तीन चिकित्सकों के पैनल से छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें महिला चिकित्सक भी शामिल थीं। साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। जिससे बाद में कोई सवाल न उठे। छात्रा के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। विसरा जांच से ही मौत का असल कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बावजूद जांच में जुटी पुलिस टीम को इस बात की आशंका है कि छात्रा की हत्या जहर देकर की गई। इसके बाद शव छिपाया गया।
मिर्गी से पीड़ित थी छात्रा
आसाराम के आश्रम में खड़ी कार से जिस 13 वर्षीय किशोरी का शव मिला है वह कक्षा पांच की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसे मिर्गी का दौरा आता था। घटना के दिन छात्रा की मां ने किसी बात पर उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद वह नाराज होकर कहीं चली गई थी।
किशोरी की मौत के मामले में जांच चल रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं। संदेह के आधार पर उसकी मां से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। संतोष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें