धानेपुर। कस्बे के वार्ड नंबर पांच में शुक्रवार रात हाईटेंशन लाइन में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। नगर से मेहनौन उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन स्टेट बैंक के पास पोल पर बंधा केबल बॉक्स धू-धू कर जलने लगा।
घटना के दौरान चिंगारियां और आग के गोले नीचे गिरने लगे, जिससे आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। स्थानीय निवासी विजय सोनी ने बताया कि उनके घर के सामने लगे बिजली के खंभे से आए दिन चिंगारी गिरती है। कई बार केबल जल चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
घटना के चलते करीब 8 हजार उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। प्रभारी अवर अभियंता अवनीश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे केबल बॉक्स में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी है।