उमरी बेगमगंज। बेलसर ब्लॉक के पूरे विराजी व जफरापुर में शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय ने फीता काटकर केंद्रों का शुभारंभ किया।
कंपोजिट स्कूल विराजी पुरवा में वार्षिकोत्सव का भी आयोजन हुआ, जहां बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। जानवी, आकांक्षा, भूमि और गौरी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम की शुरुआत को आकर्षक बना दिया।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव होते हैं, जहां उन्हें पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार मिलते हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से ही बच्चों का भविष्य मजबूत बनाया जा सकता है।
ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह परास ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के हर बच्चे और हर मां तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है, और यह केंद्र उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी देव नायक सिंह ने की, जबकि संचालन श्याम नारायण पांडेय ने किया। प्रभारी सीडीपीओ प्रज्ञा दूबे, जिला पंचायत सदस्य राम धोक मिश्रा, भाजपा जिला मंत्री अजय सिंह पिंटू, अशोक सिंह, शिक्षक संघ के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।